Bageshwar Dham : छतरपुर जिले के गढ़ा गांव स्थित बागेश्वर धाम परिसर में एक बड़ा हादसा होने की खबर समाने आई है। बागेश्वर धाम परिसर में लगा टेंट गिरने एक श्रद्धालु की मौत हो गई है, जबकि 8 लोग घायल हुए हैं। हादसा गुरुवार की सुबह करीब 7 बजे आरती के बाद का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार सुबह की आरती के बाद अचानक बारिश होने लगी, तो श्रद्धालु बारिश से बचने के लिए टेंट के नीचे चले गए। उसी दौरान टेंट गिर गया। टेंट गिरने से एक लोहे की राड़ एक श्रद्धालु के सिर पर गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। वही इस हादसे में 8 लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मृतक का नाम श्यामलाल कौशल बताया जा रहा है।
यूपी से आया था मृतक
श्रद्धालु राजेश कुमार कौशल ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश में अयोध्या के पास चौरी सिकन्दरपुर जिला वस्ती उप्र के रहने वाले हैं। घटना में राजेश के ससुर श्यामलाल कौशल उम्र 50 वर्ष की मौत हुई है। मृत के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल में रखा गया है। मृतक के परिवार के 6 लोग कार से बुधवार की रात बागेश्वर धाम आए थे। शुक्रवार को धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री का जन्मदिन है। इससे पहले गुरुवार सुबह सभी लोग तैयार होकर शास्त्री के दर्शन करने पहुंचे थे।
एक की मौत, 4 घायल
राजेश ने बताया कि टेंट से निकला लोहे का एंगल उनके ससुर श्यामलाल कौशल के सिर में लगा। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। राजेश के परिजवार के 4 सदस्य इस घटना में घायल हुए है। वही 4 अन्य श्रद्धालु घायल हुए हैं। जिला अस्पताल के डॉ. नरेश त्रिपाठी का कहना है कि एक मृतक को बागेश्वर धाम से लाया गया था। परिजन ने कहा कि टेंट गिरने से हादसा हुआ है।