आगर मालवा : मध्य प्रदेश के आगर मालवा में नहाने के दौरान डूबने से एक युवक की मौत हो गई। युवक अपने एक दोस्त के साथ मोतीसागर तालाब में नहाने के लिए गया था। इस दौरान गहराई में सामने की वजह से उसकी मौत हो गई। जिसकी जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलकर शव को बरामद किया।
पुलिस ने की मृतक की पहचान
मृतक की पहचान भगवान सिंह (24), पिता भेरू सिंह, निवासी ग्राम ढाबला पीपलोन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, भगवान सिंह अपने एक साथी के साथ मोतीसागर तालाब में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी की ओर चला गया और कुछ देर बाद दिखाई नहीं दिया। उसके साथी ने तुरंत आसपास मौजूद लोगों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस व एसडीईआरएफ को घटना की सूचना दी।
डूबने का कारण स्पष्ट नहीं
रेस्क्यू टीम ने तत्काल अभियान शुरू किया और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव तालाब से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल युवक के डूबने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर घटना की पड़ताल की जा रही है।