उज्जैन : मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक शिकागो उद्बोधन की स्मृति में सेवाज्ञ संस्थानम् द्वारा आयोजित राष्ट्रीय उपक्रम ‘युवा धर्म संसद-2026 अवन्तिका’ का आयोजन 17 से 19 सितंबर तक गीता भवन सभागार, माधव विज्ञान महाविद्यालय परिसर में किया जा रहा है।
1600 से अधिक युवा, विद्यार्थी, शिक्षक होंगे शामिल
तीन दिवस होने वाले इस कार्यक्रम में 24 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से करीब 1600 से अधिक युवा, विद्यार्थी, शिक्षक और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिभागी शामिल होंगे। इस बात की जानकारी प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में सिद्धपीठ हनुमत निवास के पीठाधीश्वर आचार्य मिथिलेशनंदिनीशरण महाराज, सेवाज्ञ संस्थानम् के राष्ट्रीय सचिव माधव कुमार और युवा आयोग मध्यप्रदेश के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने दी।
मोहन भागवत करेंगे शुभारंभ
आयोजकों के अनुसार युवा धर्म संसद का औपचारिक शुभारंभ 18 सितंबर को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत करेंगे। जहा पूज्य आचार्य मिथिलेशनन्दनी शरण महाराज, श्री निवास वरखेड़ी,आशीष शामिल रहेंगे। तो वहीं 19 सितंबर को होने वाले समापन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
तीन दिवसीय होगा कार्यक्रम
तीन दिवसीय होने वाले इस आयोजन में भारतीय संस्कृति, धर्म, ज्ञान-परंपरा, चरित्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण सहित समकालीन विषयों पर संवाद एवं विमर्श होगा। साथ ही संत-महात्मा, विद्वान, शिक्षाविद, साहित्यकार और विशेषज्ञ युवाओं के साथ चर्चा करेंगे।
इन जगहे में हो चुके कार्यक्रम
कार्यक्रम में कला दीर्घा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुस्तक मेला, युवा पंचायत और जनजातीय मेला भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए
आयोजकों ने बताया कि युवा धर्म संसद की राष्ट्रीय श्रृंखला के तहत इससे पहले काशी, अयोध्या, मथुरा, हरिद्वार और कांचीपुरम में आयोजन हो चुके हैं, जिनमें करीब 7100 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। उज्जैन में होने वाला आयोजन इसी श्रृंखला की अगली कड़ी है।
आयोजन पर करीब 1.53 करोड़ खर्च का अनुमान
आयोजन समिति ने तीन दिवसीय कार्यक्रम के लिए करीब 1.53 करोड़ रुपए का अनुमानित बजट बताया है। इसमें आयोजन स्थल पर 27 लाख रुपए, यात्रा एवं आवास पर 24 लाख, भोजन एवं जलपान पर 18 लाख और प्रतिभागी किट पर 20.20 लाख रुपए प्रस्तावित हैं। इसके अलावा अतिथियों के यात्रा व्यय पर 12 लाख, प्रदर्शनी एवं पुस्तक स्टॉल पर 9.80 लाख, जनसंपर्क एवं विज्ञापन पर 8 लाख, सेवाज्ञ संस्थानम् की पुस्तक पर 8 लाख, साज-सज्जा एवं मंच पर 5.75 लाख और वीडियो-फोटोग्राफी पर 5 लाख रुपए खर्च का अनुमान बताया गया है।