भोपाल। मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के क्षेत्र के चक्रवाती तूफान में तब्दील होने से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम के इस सिस्टम का असर 28 अक्टूबर से दिखाई देने लगेगा, जबकि 29 अक्टूबर को इसका प्रभाव सबसे अधिक रहने का अनुमान है।
29 अक्टूबर को फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में 28, 29 और 30 अक्टूबर को तेज आंधी के साथ भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर 24 घंटे के भीतर साढ़े चार इंच से अधिक वर्षा होने की आशंका जताई गई है। ऐसे में निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
इन जिलों में येलो अलर्ट जारी
वहीं, आज मध्य प्रदेश के 11 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। जिसमे सीधी, सिंगरौली, कटनी, उमरिया, शहडोल, जबलपुर, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, सिवनी और बालाघाट के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है..
इन शहरों में हल्की बारिश - बूंदाबांदी के आसार
इसके साथ ही राजधानी भोपाल और इंदौर समेत प्रदेश के अन्य शहरों में भी हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने के आसार हैं। मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है।