उज्जैन : शक्ति की आराधना के पर्व नवरात्रि में कन्या पूजन का विशेष धार्मिक महत्व है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए धार्मिक नगरी उज्जैन में 31 हजार कन्याओं के पूजन का भव्य महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। जिसका आयोजन 17 अक्टूबर को शहर के 151 स्थानों पर एक साथ किया जाएगा।
विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा के नेतृत्व में हो रहा आयोजन
उज्जैन उत्तर के विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा के नेतृत्व में होने वाले इस आयोजन को लेकर तैयारी जहां शुरू कर दी गई है। तो वही कन्याओं को तिलक लगाकर, पीले चावल और निमंत्रण पत्र देकर आमंत्रित किया जा रहा है। इसके साथ ही स्थानीय रहवासियों को भी निमंत्रण पत्र वितरित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस धार्मिक आयोजन का हिस्सा बन सकें।
अलग-अलग क्षेत्रों में कन्याओं का पूजन किया जाएगा
आयोजन के दौरान शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में कन्याओं का पूजन किया जाएगा। इसके बाद उनके लिए भोजन और प्रसादी की व्यवस्था भी रहेगी। स्थानीय समाजसेवी अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
समाजसेवी बढ़चढ़कर हिस्सा ले रहे
समिति के इस महोत्सव में सहयोग करने वाले समाजसेवियों को सम्मानित भी किया जाएगा। नवरात्रि में शक्ति स्वरूपा कन्याओं की पूजा की परंपरा के बीच उज्जैन में होने वाला यह सामूहिक आयोजन धार्मिक और सामाजिक सहभागिता का केंद्र बनेगा।