बालाघाट : मध्य प्रदेश के बालाघाट में शराब की दुकान बंद करने को लेकर महिलाएं जहां विरोध प्रदर्शन कर रही है। तो वही दूसरी तरफ बालाघाट जिले के बुढ़ी क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक महिला ने पति की शराब के लत के चलते उसे बीच चौराहे खंभे से बांध दिया और उसके मुँह में टेप चपका दिया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है।
80 दिनों से शराब दुकान हटाने की मांग जारी
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में करीब 80 दिनों से शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर महिलाओं का आंदोलन जारी है। इसी बीच संजू चौधरी नामक व्यक्ति शराब के नशे में आंदोलन स्थल पर पहुंचा और वहां मौजूद महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। इस दौरान मौके पर मौजूद संजू की पत्नी ( जो की आंदोलन का हिस्सा है ) उसने अपने पति की जब इस हरकत को देखी तो उसने अपना आपा खो दिया और पति को खंभे से बांध दिया।
वीडियो सोशल मीडिया में वायरल
इस दौरान पति और पत्नी के बीच बिगड़ती स्थिति को देख आंदोलन में शामिल अन्य महिलाएं भी सामने आई और संजू को सड़क किनारे बिजली के खंभे से बांध दिया गया। बताया जा रहा है कि लगातार गाली-गलौज करने पर महिलाओं ने उसके मुंह पर सेलोटेप भी लगा दी, ताकि माहौल शांत रह सके। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। वही मामला सामने आने के बाद पुलिस ने महिलाओं को समझा बुझाकर संजू को छोड़वाया।
दुकान करीब 45 वर्षों से हो रही संचालित
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बुढ़ी इलाके में यह शराब दुकान करीब 45 वर्षों से संचालित हो रही है। महिलाओं का कहना है कि इस दुकान के कारण कई परिवार घरेलू हिंसा, आर्थिक संकट और आपसी विवाद जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। आंदोलनकारी महिलाओं ने स्पष्ट किया है कि जब तक शराब दुकान को हटाया नहीं जाता, तब तक उनका धरना और विरोध प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा।