Viral Laughing Boy Story: सोशल मीडिया की दुनिया में हर दिन नए-नए मीम्स और फनी रील्स वायरल होते रहते हैं, लेकिन कुछ चेहरे ऐसे होते हैं जो हमेशा के लिए लोगों की यादों में बस जाते हैं। ऐसा ही एक चेहरा है चाय का कप हाथ में लिए खिलखिलाकर हंसने वाला लड़का, जो आज इंटरनेट पर ‘लाफिंग बॉय’ के नाम से मशहूर हो चुका है।
कौन है ये वायरल ‘लाफिंग बॉय’?
इस वायरल चेहरे का नाम अरुण कुमार है, जो तेलंगाना का रहने वाला है। उसकी मासूम और बेफिक्र हंसी ने उसे सोशल मीडिया का एक जाना-पहचाना चेहरा बना दिया है। आज हर दूसरे मीम या रील में उसकी हंसी का छोटा सा क्लिप जरूर देखने को मिल जाता है।
गरीबी ने छीन ली थी पढ़ाई
अरुण की जिंदगी हमेशा से आसान नहीं रही। आर्थिक तंगी के कारण उसे चौथी कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़नी पड़ी। परिवार की हालत ऐसी थी कि उसे कम उम्र में ही काम की तलाश करनी पड़ी।
ट्रक क्लीनर से वायरल स्टार तक का सफर
अरुण की जिंदगी में मोड़ तब आया जब उसकी मुलाकात नेहरू नाम के एक ट्रक ड्राइवर से हुई। नेहरू ने उसे अपने साथ ट्रक पर क्लीनर की नौकरी दे दी। ट्रक के साथ लंबी यात्राएं करते हुए अरुण की जिंदगी गुजरने लगी। इसी दौरान नेहरू टाइमपास के लिए छोटे-छोटे वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था। एक दिन उसने अरुण का चाय पीते हुए बेफिक्र होकर हंसने का वीडियो रिकॉर्ड किया और शेयर कर दिया।
एक वीडियो और रातोंरात वायरल
अरुण की वह सच्ची और दिल से निकली हंसी लोगों को इतनी पसंद आई कि वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया। इसके बाद वह इंटरनेट पर ‘लाफिंग बॉय’ के नाम से फेमस हो गया। आज उसकी हंसी लोगों के लिए स्ट्रेस बस्टर बन चुकी है- डिप्रेशन, थकान और रोजमर्रा की परेशानियों के बीच उसकी हंसी लोगों के चेहरे पर मुस्कान ले आती है।
पढ़ाई में वापसी और बड़ी उपलब्धि
वायरल होने के बाद अरुण की जिंदगी सिर्फ मीम तक सीमित नहीं रही। ट्रक ड्राइवर नेहरू ने उसकी जिंदगी बदलने का फैसला किया। उन्होंने अरुण की पढ़ाई दोबारा शुरू करवाई और उसका स्कूल में दाखिला कराया। सबसे बड़ी बात- इस साल मार्च में अरुण ने 10वीं बोर्ड परीक्षा पास कर ली, जो उसके लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
अब कंटेंट क्रिएटर के रूप में नई पहचान
आज अरुण कुमार सिर्फ एक वायरल चेहरा नहीं, बल्कि एक उभरता हुआ कंटेंट क्रिएटर भी बन चुका है। उसकी कहानी उन लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो मुश्किल हालात के बावजूद अपने सपनों को छोड़ना नहीं चाहते। चाय का कप पकड़े एक साधारण सी हंसी ने अरुण कुमार को इंटरनेट स्टार बना दिया, लेकिन इस हंसी के पीछे छिपा संघर्ष और मेहनत ही उसकी असली पहचान है। यह कहानी बताती है कि जिंदगी में हालात कैसे भी हों, अगर साथ और हौसला मिल जाए तो हर सपना पूरा किया जा सकता है।