भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में शहर विकास के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सिंहस्थ-2028 को दृष्टिगत रखते हुए अभी से उज्जैन शहर का ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान जिला प्रशासन तैयार करें। यह प्रयास करें कि श्रद्धालु कम से कम समय में महाकाल मंदिर पहुंच जाएंं, उन्हें अनावश्यक रूप से दो-तीन किमी न चलना पड़े।
विकसित किया जाएगा
सीएम ने कहा कि प्रशासन यह व्यवस्था सुनिश्चित करें कि श्रद्धालुओं को तिरूपति बालाजी मन्दिर की तरह महाकाल मन्दिर में कम समय में दर्शन हो जाए। एक टीम तिरूपति बालाजी मन्दिर जाकर वहां की व्यवस्था का अवलोकन कर कार्य योजना बनाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जहां-जहां भगवान श्रीकृष्ण के पग पड़े हैं, उन स्थानों को धार्मिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
नारायणाधाम तीर्थधाम के रूप में विकसित होगा
नारायणाधाम को तीर्थधाम के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि पंचक्रोशी यात्रा की तर्ज पर पूर्णिमा पर भी परिक्रमा यात्रा निकाली जाएगी। परिक्रमा यात्रा का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। यह प्रयास किया जाएगा कि वृंदावन परिक्रमा की तर्ज पर महाकाल दर्शन के बाद श्रद्धालु चिन्तामन गणेश मन्दिर, हरसिद्धि मन्दिर, कालभैरव मन्दिर, मंगलनाथ मन्दिर, सान्दीपनि आश्रम दर्शन के बाद पुन: महाकाल मन्दिर आएं। पंचक्रोशी मार्ग पर स्थाई पड़ाव बनाने के लिए अधोसंरचात्मक कार्य किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जिले की समस्त पुरातात्विक महत्व की सम्पत्तियों का रिनोवेशन प्राथमिकता से किया जाएगा। उज्जैन में कोठी पैलेस, होटल एवं महाराजवाड़ा को नया स्वरूप प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा शहर की सड़कों के विकास के लिए बेहतर कार्य योजना बनाए जिसमें सभी विभागों की सहभागिता सुनिश्चित करें।
विकास के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए:डॉ.यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई न हो। शहर के विकास के कार्य बेहतर हो, यह सुनिश्चित किया जाए। अच्छे काम करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा और लापरवाह अधिकारियों के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने शहर के प्रमुख चौराहों का सौन्दर्यीकरण करने एवं महामृत्युंजय द्वार के आसपास विकास कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने चामुण्डा माता मन्दिर चौराहा को हरिफाटक ब्रिज तक एलिवेटेड कॉरिडोर विकास के सम्बन्ध में अधिकारियों से जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने नीलकंठ वन मार्ग पर पार्किंग की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि इसके लिए आवश्यक उपाय किए जाए। यादव ने कहा कि महाकाल आने वाले श्रद्धालु 5 मिनट में बाबा महाकाल के दर्शन कर लें। इसकी माइक्रो प्लानिंग जिला प्रशासन करें।सड़क एवं विकास के कार्यों की प्लानिंग करें।
मांस-मछली विक्रेता को बैठने के लिए निश्चित स्थान हो
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि मांस-मछली विक्रेताओं को बैठने के लिए एक निश्चित स्थान उपलब्ध कराया जाए। खुले में मांस-मछली बेचने वालों के विरूद्ध अभियान निरंतर जारी रहे।
विधायक एसडीएम के साथ बैठकर प्लानिंग करेंगे
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विधायकों से कहा कि वे एसडीएम के साथ बैठकर सड़क एवं विकास के कार्यों की प्लानिंग करें। मुख्यमंत्री ने एसीएस डॉ. राजेश राजौरा को निर्देश दिए कि वे उज्जैन संभाग में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा निरन्तर करते रहें। समीक्षा बैठक में सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सतीश मालवीय, डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान, जितेन्द्र पंड्या, दिनेश जैन बोस, महापौर मुकेश टटवाल, सभापति कलावती यादव, यूडीए अध्यक्ष श्याम बंसल समेत विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।