लोकेशन: डबरा (मध्यप्रदेश)
संवाददाता: राजेश सोनी | मो. 99265 18020
Dabra Crime : डबरा शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर उस समय गंभीर सवाल खड़े हो गए, जब डबरा रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार के बाहर दिनदहाड़े आधा दर्जन बदमाशों ने दो युवकों पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में विष्णु परिहार और आशु श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए।
हालत गंभीर, ग्वालियर रेफर
घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल डबरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर ग्वालियर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर खुलेआम डंडों, लात-घूंसों से युवकों को पीटते रहे और आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान कोई भी सुरक्षाकर्मी मौके पर नजर नहीं आया।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
बताया जा रहा है कि वारदात रेलवे परिसर से महज कुछ कदम की दूरी पर हुई, जहां लगभग एक सैकड़ा पुलिसकर्मी रेलवे स्टेशन की सुरक्षा में तैनात हैं। इसके बावजूद इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला सिटी थाना डबरा क्षेत्र का है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जबकि शहर में 1500 जवान तैनात
बता दें कि डबरा में 10 फरवरी से 20 फरवरी तक नवग्रह शक्तिपीठ की प्राण प्रतिष्ठा का महोत्सव आयोजित किया जा रहा है, जिसके चलते शहर में लगभग 1500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशन के बाहर हुई इस वारदात ने प्रशासन और रेल सुरक्षा व्यवस्था दोनों पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।