भोपाल : भोपाल में मोहर्रम के जुलूस को ध्यान में रखते हुए पुराने शहर की यातायात व्यवस्था को 24 से 26 जून तक डाइवर्ट कर दिया गया है। इस दौरान निर्धारित जगहों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर भी शाम 06 बेज के बाद से रोक लगा दी गई है।
ताजिया जुलूसों को देखते हुए प्रशासन ने उठाया कदम
दरअसल, शहर में ताजिया जुलूसों को देखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया है। ताकि लोगों को आने जाने में किसी तरह की दिक्कत न हो। इतना ही नहीं यातायात पुलिस ने लोगों से बेवजह घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। साथ ही डाइवर्ट मार्गो के उपयोग करने की सलाह दी है। साथ ही नागरिकों को होने वाली किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए यातायात पुलिस का हेल्पलाइन नंबर 07552677 340 और 07552443850 पर संपर्क करने को कहा गया है।
इन मार्गो पर यातायात का भारी दबाव
शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले ताजिए इमामीगेट से पीरगेट के बीच एकत्रित होंगे और दोपहर 12 बजे बड़े जुलूस के रूप में भवानी चौक, रायल मार्केट, हमीदिया अस्पताल के सामने से होते हुए कोहेफिजा तिराहा, जीएडी और अंत में करबला पहुंचेंगे, जबकि कुछ ताजिए यहां से गिन्नोरी की ओर जाएंगे।
शाम 6 बजे से ट्रैफिक डायवर्जन
जुलूस को देखते हुए पुराने शहर के प्रमुख मार्गों पर सभी प्रकार के मालवाहक, भारी, व्यावसायिक और अनुमति प्राप्त वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही इन तीन दिनों (24 से 26 जून) तक शाम 6:00 बजे से अगले दिन सुबह 6:00 बजे तक शहर की सीमा में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। पुलिस ने एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग जारी किए हैं।
इन रास्तों का करें उपयोग
राजाभोज विमानतल की ओर जाने वाले वाहन भारत माता चौराहा, भदभदा चौराहा, साक्षी ढाबा तिराहा से होते हुए नीलबड़ तिराहे से दाएं मुड़कर नाथू बरखेड़ा रोड, मुगालिया छाप, खजूरी सड़क और खजूरी बायपास तिराहा से मुबारकपुर चौराहा होकर जा सकेंगे। इसके अतिरिक्त यात्री प्रभात चौराहा, जेके रोड, रत्नागिरि, अयोध्या बायपास मार्ग, भानपुर, करौंद चौराहा, नई जेल और गांधीनगर तिराहा वाले मार्ग का भी उपयोग कर सकते हैं।
इसी तरह नए शहर से रेलवे स्टेशन (भोपाल स्टेशन) की ओर जाने वाले यात्रियों को असुविधा से बचने के लिए प्रभात चौराहा, परिहार चौराहा, 80 फीट रोड और बजरिया तिराहा होकर आवागमन करने की सलाह दी गई है।