मंडला : मध्य प्रदेश के मंडला में शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा नेशनल हाईवे क्रमांक- 30 के मंडला-रायपुर रोड पर हुआ। जिसकी जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसा गढ़ी थाना क्षेत्र में हुआ
दरअसल, शुक्रवार देर रात चारटोला के पास बेलगाम दौड़ती दो बाइकों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में बाइक सवार 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइकों के परखच्चे उड़ गए और युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
मामले में आगे की कार्रवाई जारी
बिछिया थाना प्रभारी रंजीत सैयाम के अनुसार यह हादसा गढ़ी थाना क्षेत्र में हुआ। सभी मृतक बिछिया थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। इनमें दो युवक ग्राम जामुन टोला, पंचायत करंजिया माल के रहने वाले थे, जबकि एक युवक करंजिया माल का रहने वाला है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतकों में करंजिया माल निवासी 36 वर्षीय जगदीश यादव शामिल हैं, जो लाइनमैन का काम करते थे। बाकी दो युवक भी जामुन टोला के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की। वही शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौप दिया है।