ग्वालियर : मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक ही परिवार के 3 लोगों ने सागर ताल में कूदकर अपनी जान देने की कोशिश की। घटना बहोड़ापुर थाना क्षेत्र की है। जिसकी जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां डॉक्टर ने एक को मृत घोषित कर दिया। जबकि 2 की हालत गंभीर बनी हुई है।
पारिवारिक कलेश के चलते कूदे थे भाई बहन
बताया जा रहा है यह आत्मघाती कदम उठाने वाले सभी लोग सगे भाई बहन है। जिन्होंने पारिवारिक कलेश के चलते आत्महत्या करने की कोशिश की। हालांकि अभी तक कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। लेकिन सामूहिक आत्महत्या की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
घटनास्थल पर 500-500 के नोट बिखरे हुए मिले
इतना ही नहीं पुलिस को मौके पर 500-500 के नोट बिखरे हुए मिले हैं, जिन्हें पुलिस ने जांच के लिए जब्त कर लिया है। साथ ही कारणों की पुष्टि के लिए पड़ोसियों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय लोगों से पूछताछ जारी
पुलिस ने घायलों की पहचान इदरीश खान और यास्मीन के रूप में की है, जबकि मृत सदस्य की शिनाख्त के प्रयास अभी भी जारी हैं। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए हैं। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। इसके बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।