बैंकॉक। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार तड़के एक एंटरटेनमेंट वेन्यू में लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। प्रशासन के अनुसार, घायलों में कई की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। यह दर्दनाक हादसा बैंकॉक के चतुचक (Chatuchak) इलाके में स्थित 'रोंग बीर ना लाट फ्राओ' (Rong Beer Na Lat Phrao) नामक पब में हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।
कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी इमारत को लिया चपेट में
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग आधी रात के आसपास लगी। देखते ही देखते लपटों ने पूरे बहुमंजिला पब को अपनी गिरफ्त में ले लिया। तेज धुआं और आग फैलने के कारण अंदर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। कई लोग बाहर निकलने की कोशिश करते रहे, जबकि कुछ ने सुरक्षित जगह की तलाश में पब के अंदर ही शरण ले ली। दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
टॉयलेट में छिपे लोगों की दम घुटने से मौत
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, आग और धुएं से बचने के लिए कई लोग पब के टॉयलेट में जाकर छिप गए थे। लेकिन बंद जगह में धुआं भर जाने के कारण उनका दम घुट गया। राहतकर्मियों को सबसे अधिक शव वाशरूम के अंदर से मिले। अधिकारियों का कहना है कि कई लोगों की मौत झुलसने से पहले धुएं के कारण दम घुटने से हुई।
22 घायलों की हालत गंभीर
प्रशासन ने बताया कि हादसे में घायल 63 लोगों में से 22 की हालत बेहद गंभीर है। सभी का राजधानी के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने जताया शोक
घटना की सूचना मिलते ही थाईलैंड के प्रधानमंत्री मौके पर पहुंचे और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज और हादसे की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए।
फॉरेंसिक जांच शुरू, फायर सेफ्टी पर सवाल
हादसे के बाद पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि आग किस वजह से लगी और क्या पब में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम मौजूद थे। प्रारंभिक जांच में इमारत के अंदर सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन निकास मार्गों की भी जांच की जा रही है।
2009 के सांतिका नाइटक्लब हादसे की यादें हुईं ताजा
इस हादसे ने बैंकॉक के सांतिका नाइटक्लब अग्निकांड (2009) की दर्दनाक यादें फिर से ताजा कर दी हैं। नए साल के जश्न के दौरान हुए उस हादसे में 60 लोगों की मौत हुई थी और 200 से अधिक लोग घायल हुए थे। इसके अलावा 2022 में भी पूर्वी थाईलैंड के एक म्यूजिक पब में आग लगने से 14 लोगों की जान चली गई थी। लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसों ने थाईलैंड में एंटरटेनमेंट स्थलों की फायर सेफ्टी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।