रायगढ़ शहर के कोष्टापारा नया गंज क्षेत्र में एक 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव उसके घर के कमरे में सीलिंग फैन से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस को मृतका के मोबाइल फोन से एक ऐसा वीडियो भी मिला है, जो मौत से ठीक पहले रिकॉर्ड किया गया बताया जा रहा है।
मृतका की पहचान विशाखा देवांगन (22) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार जब वे दोपहर में घर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर दरवाजे की दरार से झांककर देखा गया, जहां विशाखा फंदे पर लटकी हुई दिखाई दी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मोबाइल में मिला घटनाक्रम से जुड़ा वीडियो
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मृतका के मोबाइल फोन से एक वीडियो बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि वीडियो में महिला फंदे के साथ रिकॉर्डिंग करती नजर आ रही है। आशंका जताई जा रही है कि वह सोशल मीडिया के लिए रील या वीडियो कंटेंट तैयार कर रही थी।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और मोबाइल में मिले वीडियो सहित सभी साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। शुरुआती तौर पर यह मामला रील बनाने के दौरान हुई लापरवाही से जुड़े हादसे का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।