रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां पुलिस क्वार्टर में एक महिला आरक्षक का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला है। इस घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे और इलाके में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला आज़ाद चौक थाना क्षेत्र का है।
महिला पुलिसकर्मी संदिग्ध मौत:
शनिवार रात करीब 8:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि पुलिस क्वार्टर में एक महिला पुलिसकर्मी संदिग्ध अवस्था में मृत पाई गई है। मृतक की पहचान पूजा कुशवाहा के रूप में हुई है, जो पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर कार्यरत थीं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जांच में जुटी पुलिस
प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से केस की पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतका के सहकर्मियों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके।
मर्ग कायम, सच्चाई की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और जांच प्रक्रिया जारी है। फिलहाल महिला आरक्षक द्वारा यह कदम उठाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
इलाके में फैली सनसनी
इस घटना के बाद पुलिस क्वार्टर और आसपास के इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।