रायपुर — छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित डब्ल्यूआरएस कॉलोनी दशहरा मैदान में प्रदेश का सबसे भव्य रावण दहन उत्सव धूमधाम से शुरू हो गया है।
इस वर्ष आयोजन की भव्यता और भी अधिक देखने को मिल रही है। 101 फीट ऊंचे रावण, और 81-81 फीट के कुंभकरण व मेघनाद के विशालकाय पुतलों का दहन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सांसद, विधायक और अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए हैं। पूरा मैदान दर्शकों की भारी भीड़ से खचाखच भरा है और उत्साह अपने चरम पर है।
यह आयोजन हर वर्ष रायपुरवासियों के लिए एक बड़ा आकर्षण रहता है, और इस बार भी उत्सव में रामलीला मंचन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भव्य आतिशबाजी ने सभी का मन मोह लिया है।