भोपाल। श्यामला हिल्स इलाके में स्थित स्टेट म्यूजियम में एक चोर रविवार को प्राचीन काल के सिक्के चोरी करने के लिए घुसा था फिर म्यूजियम में छिप गया। इसके बाद दीवार फांदने की कोशिश में गिरकर घायल हो गया। मंगलवार को सुबह जब सुरक्षा गार्डों ने म्यूजियम खोला तो उन्हें चोर घायल हालत में मिला। सूचना पर पुलिस पहुंची और आरोपी को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से ब्रिटिश और सल्तनत काल के 2 हजार साल पुराने सिक्के बरामद किए है, जिनकी कीमत करीब 15 करोड़ बताई जा रही है।
म्यूजियम के कर्मचारियों ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे जब म्यूजियम का ताला खोला गया थो तो म्यूजिम के अंदर मौजूद दालान में एक युवक पड़ा हुआ था, दूसरी तरफ कई अलमारियों के कांच टूटे हुए थे। पास में एक रस्सी पड़ी थी, युवक के हाथ में ग्लब्ज और चेहरे पर मास्क भी था। उसके बाद एक बड़ा बैग था, जिसमें गुप्त काल से सल्तनत काल तक के सिक्के मिले जो कि म्यूजियम से ही चुराए गए थे। साथ ही उसके पास से जेवरात, बर्तन और कुछ प्राचीन समय की चीजें भी मिली। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घेराबंदी की और उसके अपने कब्जे में ले लिया। श्यामला हिल्स पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान विनोद यादव निवासी बिहार के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर पूछताछ जारी है।
सुरक्षा को लेकर मिली कई खामियां
टेट म्यूजियम में सुरक्षा को लेकर कई खामियां भी मिली है वह है यहां पर अलार्म सिस्टम का नहीं होना और यहां पर अधिकतर सीसीटीवी भी बंद मिले हैं।
आरोपी से रस्सी, आरी, पेंचकस और स्क्रू ड्राइवर बरामद
पुलिस का कहना है कि आरोपी के पास से चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले सामान रस्सी, आरी, स्क्रू ड्राइवर आदि चीजें मिली हैं। आरोपी के झोले से पेंट भी मिला है, जिसे वह दीवार पर चढ़ने के लिए इस्तेमाल कर सकता था। जब वह सुरक्षा गार्डों को मिला तो अर्धनग्न अवस्था में था।
50 से ऊपर फिंगर प्रिंट मिले
पुलिस की फोरेसिंग टीम ने जब मौके पर जांच की तो 50 से अधिक फिंगर प्रिंट मिले हैं। हालांकि आरोपी केवल एक ही मिला है। पुलिस का कहना है कि फिंगर प्रिंट के मिलान के बाद ही स्पष्ट होगा कि सभी फिंगर प्रिंट आरोपी के ही हंै या फिर दूसरे लोग भी वारदात में शामिल है। इधर, पुिलस कमिश्नर ने चोर को पकड़ने वाली पुिलस टीम को 30 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की।
नवाब घराने की रॉयल्स गैलरी में लगाई सेंध
पूछताछ में पता चला है कि रविवार को आरोपी विनोद स्टेट म्यूजियम में टिकट लेकर गया था। म्यूजियम बंद हो गया और वह अंदर ही छिपा रहा। किसी ने सर्चिंग भी नहीं की और म्यूजियम बंद कर दिया। इस दौरान उसने क्वाइंस गैलरी और रॉयल्स गैलरी दोनों में सेंध लगाई। क्वाइंस गैलरी से प्राचीन सिक्के और रायल्स गैलरी जो भोपाल नवाब घराने का कलेक्शन है, उसमें तोड़फोड़ की और गहने और बर्तन सहित अन्य सामान निकाल लिया। साथ ही कई सारे बॉक्स और अलमारी तोड़कर बेशकीमत प्राचीन और पुरातत्व की सामग्री निकाल ली।