उज्जैन ; मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित सांदीपनि आश्रम में हर साल की तरह इस साल भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का त्योहार धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। जिसको लेकर तैयारियों को जहां अंतिम रूप दिया जा रहा है। तो वही दूसरी तरफ जन्माष्टमी पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भगवान श्रीकृष्ण की पूजन करेंगे। इतना ही नहीं दर्शन को लेकर भी श्रद्धालुओं के लिए खास इंतजाम किये गए है।
पंचामृत से किया जाएगा अभिषेक
बता दें कि जन्मोत्सव के दिन सुबह सबसे पहले भगवान का पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद भगवान को नए वस्त्र धारण कराकर श्रद्धालुओं को दर्शन दिए जाएंगे। रात 12 बजे जन्म आरती का आयोजन होगा। जिसको लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है। साथ ही बारिश को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिसर में वाटरप्रूफ डोम भी बनाए गए है। ताकि दर्शन के दौरान भक्तों को किसी तरह की परेशानी न हो।
विशेष नीले रंग के वस्त्र किए जा रहे तैयार
जन्माष्टमी के लिए सांदीपनि आश्रम के पुजारी परिवार द्वारा भगवान कृष्ण, बलराम, सुदामा, गुरु सांदीपनि और गुरु माता के लिए विशेष नीले रंग के मखमली वस्त्र तैयार करवाए जा रहे हैं। वहीं पालने में विराजने वाले लड्डू गोपाल के लिए सफेद और गुलाबी रंग के खास परिधान बनाए जा रहे हैं।
चार महीने से चल रही तैयारियां..
इधर, तैयार को लेकर पुजारी परिवार के राहुल व्यास गुरु ने बताया कि जन्माष्टमी की तैयारियां करीब चार महीने पहले शुरू कर दी जाती हैं। परिधानों पर जरदोजी, रेशमी धागों और मोतियों से कारीगरी की जा रही है। इसके लिए विशेष कपड़े, मोती और धागे सूरत, जयपुर और कलकत्ता से मंगवाए गए हैं। वस्त्रों के साथ भगवान के मुकुट, हार और अन्य श्रृंगार सामग्री भी तैयार की जा रही है।