भोपाल। मध्य प्रदेश में आम लोगों को सरकारी योजनाओं और राजस्व विभाग से जुड़ी सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने के लिए 3 और 4 अक्टूबर को सेवा सेतु कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों तक सरकारी सेवाओं की पहुंच स्थानीय स्तर पर सुनिश्चित करना है। इसके लिए राजस्व विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।
सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेंगे शिविर
अभियान के तहत 3 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिलों के प्रत्येक विकासखंड में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए शिविर लगाए जाएंगे। इनके लिए उत्कृष्ट विद्यालय परिसर, जनपद पंचायत परिसर, सामुदायिक भवन और खेल मैदान जैसे सार्वजनिक स्थानों का चयन किया जाएगा। शिविर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेंगे।
4 अक्टूबर को वार्ड और जोन स्तर पर कैंप
नगरीय क्षेत्रों में 4 अक्टूबर को मेगा कैंप आयोजित होंगे। नगर निगम क्षेत्रों में शिविर जोनवार लगाए जाएंगे, जबकि नगर पालिका और नगर परिषद क्षेत्रों में निकाय स्तर पर आयोजन होगा। यहां भी लोगों को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक विभिन्न सरकारी सेवाओं और योजनाओं से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य
इस शिविर में शामिल होने लोगों को सबसे पहले रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। इसके बाद संबंधित विभाग के स्टॉल पर आवेदन और दस्तावेजों की जांच होगी। पात्रता पूरी होने और प्रक्रिया पूरी होने पर योजना का लाभ मौके पर ही स्वीकृत या वितरित किया जा सकेगा। इतना ही नही किसानों, ग्रामीणों, श्रमिकों, महिलाओं और वंचित वर्गों के लिए विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध रहेंगी। इस आयोजन में 25 सुसज्जित स्टॉल लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
सेवा सेतु कैंप ‘सेवा संकल्प अभियान’ का हिस्सा
यह अभियान ‘सेवा संकल्प अभियान’ का हिस्सा है, जो 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चल रहा है। इसे ‘जन-विश्वास अभियान’ से भी जोड़ा गया है। सरकार के निर्देशों के अनुसार अभियान का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को लोगों के करीब पहुंचाना और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना है। इतना ही नही अधिकारियों को शिविरों में आने वाले पात्र लोगों की समस्याओं और आवेदनों का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।