गुना : केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जमीन से जुड़े हुए इंसान है। अक्सर वो अपने बयानों और अलग अंदाज को लेकर चर्चा में बने रहते है। ऐसा ही एक अद्भुत नजारा गुना में देखने को मिला। जहां महाराज सिंधिया ने बिना किसी शर्म के महिलाओं के साथ मिलकर पुरिया बनाई। जिसे देख मौके पर मौजूद हर इंसान हैरान रह गया। सिंधिया के 25 वर्षों के राजनैतिक सफर में आम जनता और समर्थकों ने ऐसा नजारा पहली बार देखा, जो अब देश और प्रदेश की राजनीति में भारी चर्चा का विषय बना हुआ है।
वीडियो सोशल मीडिया में वायरल
बता दें कि सिंधिया पिछले चार दिनों से मध्य प्रदेश के गुना जिले में थे। जहां उन्होंने दौरे के अंतिम दिन आजीविका मिशन के तहत आयोजित महिला स्व-सहायता समूहों के सम्मेलन में शामिल हुए और महिलाओं का उत्साह बढ़ाने के साथ रसोई में भी हाथ बंटाया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है।
सिंधिया ने महिलाओं का हौसला बढ़ाया
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम महाराज हरीपुर पंचायत स्थित 'जिज्जी की पंचायत रेस्ट्रो मार्ट कैंटीन' पहुंचे और महिलाओं के साथ मिलकर पुरिया बनाई। इसके साथ ही सिंधिया ने महिलाओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता ही समाज और देश की प्रगति की मजबूत नींव है।
महिलाएं जिम्मेदारी अच्छी तरह से निभाती है
सिंधिया ने कहा कि महिलाओं को अगर किसी काम की जिम्मेदारी दी जाए, तो वे उसे ज्यादा बेहतर तरीके से निभाती हैं। मीनाक्षी दीदी ने 2 साल में किया 1 करोड़ का टर्नओवर कार्यक्रम के दौरान मीनाक्षी दीदी ने अपनी सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि वे दो साल से आजीविका मिशन से जुड़ी हैं और टीम की मदद से अब तक करीब एक करोड़ रुपए का टर्नओवर कर चुकी हैं। मीनाक्षी के साथ वर्तमान में 100 अन्य महिलाएं भी काम कर रही हैं।
विकसित भारत-2047 का निर्माण महिलाओं के लिए अहम
इस अवसर पर सिंधिया ने महिलाओं को आर्थिक रूप से और सशक्त बनाने के लिए महत्वपूर्ण घोषणा भी की। सिंधिया ने कहा कि जिन स्वयं सहायता समूहों का वार्षिक कारोबार एक करोड़ रुपये या उससे अधिक होगा और जिन्हें अपने उत्पादों के परिवहन के लिए लोडिंग वाहन की आवश्यकता होगी, उन्हें सांसद निधि से वाहन उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में आत्मनिर्भर और सशक्त महिलाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी।