सागर। मध्यप्रदेश के सागर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक साथ तीन हत्या की घटना ने आस-पास के इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस कंट्रोल रूम से महज 100-200 मीटर के दुरी पर बने एक मकान में माँ और दो मासूम बेटियों को मौत के घाट उतार दिया गया। काम से लौटा पति खून से सनी लाशे देख स्तब्ध रह गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आपको बता दें कि यह पूरा मामला सागर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पुलिस कंट्रोल रूम से लगभग 200 मीटर दुरी पर स्थित नेपाल पैलेस के एक मकान का बताया जा रहा है। जहां तिहरा हत्याकांड का खौफनाक मंजर देखने को मिला। जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात जब विशेष पटेल काम करके अपने घर लौटा तो किचन में पत्नी और बड़ी बेटी की खून से सनी लाशे देख कर चौक गया। वहीं कमरे में छोटी बेटी का शव मिला।
विशेष पटेल ने तत्काल मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही आईजी प्रमोद वर्मा, डीआईजी सुनील जैन, प्रभारी एसपी डॉ. संजीव उईके समेत शहर के थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान वंदना पति विशेष पटेल उम्र 32 साल निवासी नेपाल पैलेस, बड़ी बेटी अवंतिका पटेल उम्र 8 साल और छोटी बेटी अनविका पटेल उम्र 3 साल के रूप में हुई है। हत्याकांड के पीछे के कारण और वारदात को अंजाम देने वाले के संबंध में अब तक कुछ पता नहीं चल सका है। रात 2.30 बजे तक पुलिस वारदात स्थल पर जांच करती रही।