पुणे की COEP टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल कैंपस में शुक्रवार रात छात्र संगठनों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यहां NSUI और ABVP से जुड़े कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। यह घटना कांग्रेस नेता राहुल गांधी के शनिवार को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से एक दिन पहले हुई, जिसके बाद यूनिवर्सिटी हॉस्टल में सुरक्षा बढ़ा दी गई और पुलिस बल तैनात किया गया।
रजिस्ट्रेशन को लेकर दोनों संगठनों में आरोप-प्रत्यारोप
विवाद की शुरुआत राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए छात्रों के रजिस्ट्रेशन को लेकर हुई। ABVP ने आरोप लगाया कि कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ता छात्राओं पर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन कराने का दबाव बना रहे थे। संगठन के मुताबिक, इसी बात को लेकर हॉस्टल परिसर में तनाव बढ़ा और दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए।
दूसरी ओर, NSUI ने ABVP पर गंभीर आरोप लगाए। NSUI का कहना है कि राहुल गांधी के कार्यक्रम के समर्थन में अपनी बात रखने वाली दो छात्राओं को ABVP के सदस्यों ने हॉस्टल में रोककर धमकाया। NSUI के मुताबिक, इसी घटना के विरोध में विवाद बढ़ गया।
मारपीट के आरोप में पुलिस ने दर्ज किया मामला
झड़प के बाद पुलिस ने एक ABVP छात्र के साथ कथित मारपीट के मामले में कार्रवाई की है। पुलिस ने छह नामजद लोगों के साथ करीब 50 से 60 NSUI और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है।
घटना के बाद हॉस्टल परिसर में पुलिस की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन की ओर से भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि राहुल गांधी के कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।
पुणे में छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी
राहुल गांधी शनिवार को पुणे में छात्रों के साथ ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम की कड़ी में वह इससे पहले कोटा, देहरादून और प्रयागराज में छात्रों से बातचीत कर चुके हैं।
राहुल गांधी ने 17 जून को कोटा, 17 जुलाई को देहरादून और 8 अगस्त को प्रयागराज में छात्रों से संवाद किया था। इन कार्यक्रमों के दौरान पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं और देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार जैसे मुद्दों पर उन्होंने छात्रों से चर्चा की थी।
अब पुणे में होने वाले कार्यक्रम से ठीक पहले यूनिवर्सिटी हॉस्टल में हुई झड़प ने सियासी और छात्र राजनीति का माहौल गरमा दिया है। पुलिस की मौजूदगी में राहुल गांधी छात्रों से संवाद करेंगे।