भोपाल। राजधानी भोपाल में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर नगर निगम और प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। डोल ग्यारस से शुरू हुआ प्रतिमा विसर्जन का दौर अनंत चतुर्दशी तक जारी रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए शहर के प्रमुख विसर्जन स्थलों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
7 प्रमुख घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत
प्रशासन ने शहर के 7 प्रमुख घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। यहां 13 क्रेन, 12 पोकलेन मशीन और 184 गोताखोर तैनात किए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए घाटों पर लाइफ जैकेट और ट्यूब भी उपलब्ध रहेंगी। पुलिस, प्रशासन और नगर निगम की टीमें घाटों पर लगातार निगरानी करेंगी।
विसर्जन के लिए बनाए गए दो दर्जन से अधिक स्टॉल
नगर निगम की ओर से शहर में दो दर्जन से अधिक स्थानों पर स्टॉल बनाए जाएंगे। श्रद्धालु इन निर्धारित स्थानों पर प्रतिमाएं जमा कर सकेंगे। इसके बाद निगम की टीम प्रतिमाओं को एकत्रित कर सामूहिक रूप से विसर्जन की व्यवस्था करेगी।
निर्धारित स्थानों पर प्रतिमा विसर्जन करने की अपील
अधिकारियों के मुताबिक, विसर्जन के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने और घाटों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित स्थानों पर ही प्रतिमा विसर्जन करने की अपील की है।