राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ की धर्मनगरी डोंगरगढ़ में शारदीय नवरात्रि के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा में तैनात पुलिस जवानों ने ड्यूटी पूरी होने के बाद मां बम्लेश्वरी के दरबार में मत्था टेका। अष्टमी के पावन अवसर पर राजनांदगांव पुलिस बल ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश में शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस के लिए बड़ी जिम्मेदारी
नवरात्रि मेले में भारी भीड़ के बीच श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन कराना पुलिस के लिए बड़ी जिम्मेदारी थी। जवानों ने भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए अपनी ड्यूटी निभाई। इस दौरान मंदिर परिसर में पुलिस बैंड की भक्तिमय धुनों ने माहौल को आध्यात्मिक बना दिया।
बिना दुर्घटना आयोजन संपन्न
पुलिस के अनुसार, इस बार नवरात्रि मेले के दौरान पदयात्रियों से जुड़ी दुर्घटनाओं और आपराधिक घटनाओं के बिना आयोजन शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। ड्यूटी पूरी होने के बाद जवानों ने मां बम्लेश्वरी का आशीर्वाद लेकर अपनी सेवा के सफल समापन पर आभार जताया।