रीवा : मध्य प्रदेश के रीवा में भ्रष्ट्राचार इस कदर चरम पर है। जिसका खुलासा सोशल मीडिया में वायरल एक वीडियो से हुआ। वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि कैसे पटवारी एक महिला से काम करने के लिए पैसे ले रहा है। इतना ही नहीं वीडियो में रिश्वतखोर पटवारी काम होने का आश्वासन भी दे रहा है। मामला सामने आने से विभाग में जहां हड़कप मच गया है। तो वही रीवा कलेक्टर ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
मामला रीवा जिले की मनगवां तहसील के सिरसा क्षेत्र का
यह पूरा मामला रीवा जिले की मनगवां तहसील के सिरसा क्षेत्र का है। जहां आरोपी पटवारी वीरेंद्र तिवारी ने नामांकन से जुड़े एक राजस्व कार्य के बदले गरीब महिला से यह घूस ली। जिसका वायरल वीडियो शनिवार को सामने आया है।
काम पूरा करवाने का पटवारी ने दिया आश्वासन
वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि महिला कैसे भावुक होते हुए पटवारी से कह रही है कि उसने कर्ज लेकर पैसों की व्यवस्था की है, और वह बहुत गरीब है। वह हाथ जोड़कर अपना काम जल्द कराने की गुहार भी लगाती है। इसके बाद पटवारी उसका काम जल्द पूरा करवाने का भी आश्वासन देते हुए दिखाई दे रहे है।
रीवा कलेक्टर ने जांच के दिए निर्देश
वीडियो सामने आने के बाद रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।