Bageshwar Dham New Rules : मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बागेश्वर धाम से एक खबर सामने आई है। धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने नवरात्र साधना के समापन के अवसर पर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब धाम पर VIP और VVIP मुलाकातों का नियम खत्म किया जा रहा है। अब केवल वही भक्त दर्शन और आशीर्वाद ले पाएंगे जो सच्ची आस्था और श्रद्धा से बिना किसी सिफारिश के आते हैं।
साधना के दौरान लिया संकल्प
धीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि साधना काल में उन्हें अपने गुरु से यह निर्देश मिला कि विशेष प्रोटोकॉल के चलते गरीब, असहाय और दूर-दराज से आने वाले भक्तों की परेशानी बढ़ जाती है। कई बार ऐसे लोग बिना दर्शन किए निराश होकर लौट जाते हैं। इसी के चलते यह निर्णय लिया गया है कि अब सबसे पहले मौके गरीबों, बीमारों और वास्तविक श्रद्धालुओं को मिलेगा।
VIP के लिए बदले नियम
शास्त्री ने कहा कि अगर कोई VIP या VVIP धाम पर आता है, तो उसके लिए अलग समय तय किया जाएगा, लेकिन किसी भी स्थिति में सामान्य भक्तों से पहले मुलाकात नहीं होगी। उन्होंने साफ कहा कि गुरु की आज्ञा सर्वोपरि है और इसे अब कभी नहीं टाला जाएगा।
धाम में रोज़ उमड़ती है भीड़
आपको बता दें कि छतरपुर ज़िले के गढ़ा गांव स्थित बागेश्वर धाम में हर दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। खासतौर पर मंगलवार और शनिवार को यहां विशाल भीड़ उमड़ती है। बड़ी संख्या में VIP आगमन के कारण कई बार व्यवस्था पर दबाव बढ़ जाता था। लेकिन नए नियम लागू होने के बाद अब व्यवस्था और भी सुचारु होने की उम्मीद है।