इंदौर : मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में एक बार फिर पौधारोपण कार्यक्रम होने जा रहा है। जिसके चलते शहर में 1 लाख पौधे लगाए जायेंगे। कार्यक्रम का आयोजन इंदौर के रेवती रेंज में किया गया है। जहां बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर इंदौर को हराभरा बनाने में मदद करेंगे।
इस साल 21 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य
कार्यक्रम का आयोजन 09 अगस्त को किया गया है। जहां भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष उपस्थिति रहेंगे। बता दें कि इस बार पौधे 8 फीट की ऊंचाई के लगाए जाएंगे ताकि यह जल्दी बड़े हो सकें। इतना ही नहीं इस साल एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत 21 लाख पौधे लगाए जाएंगे।
सभी कार्यकर्ताओं - अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां
पौधारोपण अभियान को लेकर भाजपा इंदौर नगर और ग्रामीण इकाई की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव, नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा, विधायक मालिनी गौड़, मधु वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में अभियान की रूपरेखा, विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण की व्यवस्था, पौधों की देखभाल और जनसहभागिता बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सभी कार्यकर्ताओं और अधिकारियों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं ताकि अभियान निर्धारित लक्ष्य के अनुसार सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
9 - 15 अगस्त तक चलाया जाएगा तिरंगा अभियान
कार्यक्रम के अलावा 9 अगस्त से 15 अगस्त तक जिले के सभी मंडलों में तिरंगा अभियान भी चलाया जाएगा। इसके तहत सभी मंडलों में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। 14 अगस्त को जिला स्तरीय बड़ी यात्रा का आयोजन होगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं को अपने बूथों पर प्रवास कर घर-घर संपर्क का तिरंगा लगाने का आग्रह करने को कहा गया है।