अनिल शर्मा, हटा : करवा चौथ के दिन जहां महिलाएं अपने पतियों की लंबी उम्र की कामना कर व्रत रख रही थीं, वहीं दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र के रोंसरा गांव में यह पवित्र पर्व घरेलू विवाद में बदल गया। यहां करवाचौथ के दिन एक पति ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर दी। फिर क्या बहन से हुई मारपीट भाईयों को रास नहीं आई और सालों ने अपने जीजा की जमकर धुनाई कर दी।
जानकारी के अनुसार, पति लक्ष्मण सिंह लोधी और पत्नी आरती सिंह लोधी के बीच करवा चौथ के दिन इस बात को लेकर विवाद हो गया कि ससुराल से कोई सामान क्यों नहीं आया। बात बढ़ी तो लक्ष्मण ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी आरती की पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गई। बाद में लक्ष्मण ही उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा।
इधर, घटना की जानकारी जब आरती के भाइयों को मिली तो वे भड़क उठे। दोनों साले बली और लक्ष्मण सिंह ने मौके पर पहुंचकर अपने जीजा की पिटाई कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी और हाथापाई हुई। मामला हटा थाना पुलिस तक पहुंचा। पति लक्ष्मण लोधी ने अपनी पत्नी और दोनो सालों पर मारपीट का आरोप लगाया, जबकि घायल पत्नी आरती लोधी का कहना है कि, मेरा पति शराब के नशे में था और उसी ने मेरे साथ मारपीट की। मेरे भाइयों पर लगाए गए आरोप झूठे हैं। मेरे पति को उनके पिता ने मारा है।
इस पूरे मामले में हटा थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज कर ली गई हैं। जांच की जा रही है, दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। करवा चौथ जैसे शुभ अवसर पर हुआ यह पारिवारिक विवाद अब पुलिस जांच के घेरे में है।