भोपाल : मध्य प्रदश में छात्रों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इसी के चलते नगर निगम ने मंगलवार से कोचिंग संस्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई शुरू कर दी है। जिसमे लगभग 30 कोचिंग संस्थानों के नाम शामिल है। इन संस्थानों ने अभी तक अपना फायर सेफ्टी प्लान जमा नहीं किया है, उनके खिलाफ यह कार्रवाई की जा रही है।
61 संस्थानों को नोटिस किया गया था जारी
बता दें कि प्रशासन ने कोचिंग संस्थानों को हलफनामा और अग्नि सुरक्षा योजना जमा करने के लिए समय दिया था। जो की अब समाप्त हो चुका है। जिन 61 संस्थानों को नोटिस जारी किए गए थे, उनमें से केवल 30 ने सोमवार तक ₹200 के न्यायिक स्टांप पेपर पर आवश्यक हलफनामा और अग्नि सुरक्षा योजना जमा की। शेष 31 संस्थानों ने कोई जवाब नहीं दिया। जिनके खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
फायर सुरक्षा व्यवस्थाओं का होगा निरीक्षण
नगर निगम की टीमें संबंधित संस्थानों का भौतिक सत्यापन करेंगी और मौके पर फायर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगी। जांच के दौरान यदि निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं पाया गया तो संबंधित कोचिंग संस्थानों के खिलाफ सीलिंग सहित अन्य नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
प्रशासन का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और फायर सेफ्टी नियमों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। नगर निगम ने सभी कोचिंग संचालकों को आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करने और निर्धारित दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।