इंदौर। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने वर्ष 2027 के लिए संभावित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। 20 नवंबर को जारी इस कार्यक्रम में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में भर्ती के लिए होने वाली कुल 25 परीक्षाओं की संभावित तारीखें बताई गई हैं। इसमें राज्य सेवा, वन सेवा, इंजीनियरिंग, चिकित्सा, उच्च शिक्षा और गृह विभाग से जुड़ी परीक्षाएं शामिल हैं।
वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 24 जनवरी 2027 को होगी
जारी कैलेंडर के अनुसार, राज्य सेवा और वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 24 जनवरी 2027 को आयोजित होगी। वहीं, राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 10 मई से 15 मई 2027 तक प्रस्तावित है। इसके अलावा मध्य प्रदेश राज्य पात्रता परीक्षा (SET) का आयोजन 7 मार्च 2027 को किया जाएगा।
सीएम ने की घोषण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की युवा वर्ष 2027 के तहत राज्य सेवा परीक्षा साल में दो बार कराने की घोषणा के बाद इस कैलेंडर को अहम माना जा रहा है। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर योजना बनाने और परीक्षा के अवसर प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
