रीवा : मध्य प्रदेश के रीवा में शुक्रवार देर रात एक थार मौत बनाकर सड़क पर दौड़ी और बाइक सवार एक युवक को मौत के घाट उतार दिया। जबकि हादसे में मृतक का दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका इलाज अस्पताल में जारी है। घटना चोरहटा थाना क्षेत्र के रेलवे ओवरब्रिज पर हुआ।
दोनों युवक बाइक से बैकुंठपुर की ओर जा रहे थे
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से बैकुंठपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चोरहटा थाना क्षेत्र के रेलवे ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार थार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि थार का एक टायर निकलकर दूर जा गिरा। इसके बाद भी चालक तीन पहियों के सहारे गाड़ी को काफी दूर तक ले गया। जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आस पास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे
हादसे के बाद आस पास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए आए और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां इलाज के दौरान भरत सिंगरौल की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद उपेन्द्र लोधी का इलाज अस्पातल में जारी था।
चालक के नशे में होने की आशंका
बताया जा रहा है कि थार चालक नशे की हालत में था। हालांकि, अभी तक पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। चालक की स्थिति और हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मामले में जांच जारी
चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।