भोपाल : मध्य प्रदेश में गेहूं की सरकारी समर्थन मूल्य पर बिक्री के लिए प्रदेश भर के 15 लाख किसानों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया था, लेकिन जब खरीदी का समय आया तो किसान मंडी तक नहीं पहुंच रहे हैं, जो पहुंच रहे हैं. उनकी फसले हाल ही में हुई बारिश की वजह से खराब पाई जा रही हैं। जिसको देखते हुए मध्य प्रदेश के मोहन सरकार ने एक बार फिर गेहूं खरीदी की तारीख को आगे बढ़ा दिया है।
25 जून तक गेहूं की खरीदी की जाएगी
बता दें कि पहले गेहूं खरीदी के लिए 31 मई आखिरी तारीख निर्धारित की गई थी। लेकिन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय में समीक्षा बैठक लीथी। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से चर्चा के बाद गेहूं खरीदी की तारीख को आगे बढ़ाने का फैसला लिया। दरअसल, मध्य प्रदेश में 15 मार्च से गेहूं उपार्जन का काम चल रहा है, जिसके चलते गेहूं खरीदी की तारीख को आगे बढ़ाया गया है। अब किसानों से गेहूं की खरीदी 25 जून तक की जाएगी।
कई किसान उपज बेचने से वंचित
इसके साथ ही सीएम मोहन यादव ने विभाग के अफसरों से गेहूं के सुरक्षित भंडारण के संबंध में भी जानकारी ली है। उन्होंने गेहूं के सुरक्षित भंडारण के लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए हैं। इस अवधि वृद्धि के बाद भी कई किसान उपज बेचने से वंचित हो रहे थे। इसे देखते हुए सरकार ने उपार्जन की अवधि बढ़ाकर 25 जून कर दी है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति विभाग ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि इसकी जानकारी सभी पंजीकृत किसानों को दी जाए।