MP Budget 2026: केंद्र सरकार के बजट पेश होने के बाद अब मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार भी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को अंतिम रूप देने में जुट गई है। राज्य के वित्त मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने संकेत दिए हैं कि इस बार का बजट समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। जिसे उन्होंने सर्वस्पर्शी और विकासोन्मुख बताया।
16 फरवरी से बजट सत्र
विधानसभा का बजट सत्र 16 फरवरी से शुरू होने जा रहा है, जिसमें सरकार राज्य के विकास का नया रोडमैप सदन के सामने रखेगी। यह बजट पूरी तरह डिजिटल फॉर्मेट में पेश किया जाएगा।
4.63 लाख करोड़ का हो सकता है बजट!
सूत्रों के अनुसार, मध्यप्रदेश का आगामी बजट पिछले वर्ष के 4.21 लाख करोड़ रुपये की तुलना में लगभग 10 प्रतिशत अधिक हो सकता है। अनुमान है कि बजट का कुल आकार 4.63 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है, जो अब तक के सबसे बड़े बजटों में से एक होगा।
चार स्तंभों पर टिका होगा बजट
वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने बताया कि बजट तैयार करते समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन को आधार बनाया गया है, जिसमें गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति को विकास की मुख्य धुरी माना गया है। इस बजट में किसानों के लिए कृषि कल्याण वर्ष के तहत विशेष योजनाएं, युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास, महिलाओं के सशक्तिकरण और कर्मचारियों के हितों से जुड़े प्रावधानों पर विशेष जोर रहेगा।
विकास के साथ राहत
सरकार का फोकस केवल विकास परियोजनाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आम जनता को आर्थिक और सामाजिक राहत देने वाले फैसले भी बजट का हिस्सा बन सकते हैं। वित्त मंत्री ने संकेत दिए हैं कि यह बजट मध्यप्रदेश को समावेशी विकास की दिशा में नई गति देगा।