Morning breaking: छत्तीसगढ़ में आज प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियां तेज रहने वाली हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। वहीं शिक्षा विभाग, आदिम जाति विकास विभाग और भाजपा-कांग्रेस दोनों दलों के संगठनात्मक कार्यक्रम भी चर्चा के केंद्र में रहेंगे। प्रदेशभर की निगाहें आज होने वाली इन बैठकों और निर्णयों पर टिकी हुई हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में होगी कैबिनेट बैठक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सुबह 11 बजे अपने निवास से मंत्रालय के लिए रवाना होंगे। सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेश से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।इसके बाद मुख्यमंत्री आर्थिक मामलों की मंत्रिपरिषद समिति की बैठक में शामिल होंगे। मंत्रालय में शासकीय कार्यों के बाद शाम को वे ग्राम पलौद स्थित बीएसएफ कैंप के समीप आयोजित पौधरोपण अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में भाग लेंगे।
आदिम जाति विकास विभाग की योजनाओं की होगी समीक्षा
आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा की अध्यक्षता में आज मंत्रालय स्थित महानदी भवन में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।बैठक में नए शैक्षणिक सत्र के लिए आश्रम एवं छात्रावासों की व्यवस्थाओं का आकलन किया जाएगा। साथ ही विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट पर विस्तार से चर्चा होगी और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
स्कूलों की तैयारियों पर शिक्षा विभाग की बड़ी बैठक
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शिक्षा मंत्री आज संभागीय और जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।बैठक में विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तक, यूनिफॉर्म और साइकिल वितरण की वर्तमान स्थिति पर चर्चा होगी। इसके अलावा वीएसके ऐप के जरिए शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति, स्कूल भवनों की मरम्मत, साफ-सफाई और रंग-रोगन कार्यों की प्रगति का भी मूल्यांकन किया जाएगा।दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा परिणामों के विश्लेषण के आधार पर नए शैक्षणिक सत्र की रणनीति तैयार करने पर भी विशेष मंथन किया जाएगा।
भाजपा सहयोग केंद्र में मंत्री लखनलाल देवांगन सुनेंगे समस्याएं
भाजपा मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित सहयोग केंद्र को फिर से सक्रिय कर दिया गया है। कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए आज श्रम एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन सहयोग केंद्र में मौजूद रहेंगे।दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में पंजीकृत शिकायतों और समस्याओं पर सुनवाई की जाएगी। भाजपा संगठन ने कार्यकर्ताओं से समय पर पहुंचकर पंजीयन कराने की अपील की है।
कांग्रेस के नए जिलाध्यक्षों को मिलेगा संगठनात्मक प्रशिक्षण
अभनपुर में चल रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रशिक्षण शिविर का आज चौथा दिन है। शिविर में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के प्रशिक्षण विभाग के राष्ट्रीय प्रभारी सचिन राव नए जिलाध्यक्षों को संगठन संचालन और नेतृत्व से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भी प्रशिक्षण सत्र में भाग लेकर जिलाध्यक्षों के साथ संवाद करेंगे। 29 जून तक चलने वाले इस शिविर में संगठनात्मक मजबूती, सकारात्मक राजनीति और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने की रणनीति पर विशेष फोकस किया जा रहा है।