Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में आज राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहने वाली हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सूरजपुर और गरियाबंद जिले के दौरे पर रहेंगे। दूसरी ओर विधानसभा के मानसून सत्र की तारीख तय हो गई है। वहीं विद्युत संविदा कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर 22 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया है। उधर अभनपुर में कांग्रेस के प्रस्तावित प्रशिक्षण शिविर की तैयारियां भी अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सूरजपुर और गरियाबंद दौरा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सूरजपुर और गरियाबंद जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे रायपुर से सूरजपुर पहुंचेंगे, जहां वे नवनिर्वाचित अध्यक्षों और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।इसके बाद दोपहर 1 बजे वे गरियाबंद के लिए रवाना होंगे। यहां मुख्यमंत्री विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके अलावा वे नव-निर्मित कचना धुरवा गोंडवाना भवन का लोकार्पण भी करेंगे। सभी कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री शाम 5 बजे रायपुर लौटेंगे।
13 जुलाई से शुरू होगा विधानसभा का मानसून सत्र
छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से शुरू होगा। यह सत्र 17 जुलाई तक चलेगा और इस दौरान कुल पांच बैठकें आयोजित की जाएंगी। सत्र के दौरान प्रश्नकाल के बाद विभिन्न शासकीय कार्यों पर चर्चा होगी। सत्तापक्ष और विपक्ष के विधायक महत्वपूर्ण मुद्दों को सदन में उठाएंगे। आगामी सत्र को कई अहम राजनीतिक और जनहित के विषयों के कारण महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
22 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे विद्युत संविदा कर्मचारी
छत्तीसगढ़ विद्युत संविदा कर्मचारी संघ ने 22 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की है। संघ का कहना है कि लंबे समय से नियमितीकरण और रिक्त पदों पर समायोजन की मांग लंबित है। संविदा कर्मचारियों का आरोप है कि कई बार मांग उठाने के बावजूद समाधान नहीं निकला, जिसके चलते अब प्रदेशभर के कर्मचारी आंदोलन का रास्ता अपनाने जा रहे हैं। हड़ताल का असर बिजली व्यवस्था से जुड़े कई कार्यों पर पड़ सकता है।
अभनपुर में कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर की तैयारियां अंतिम चरण में
अभनपुर में कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर 20 जून से 29 जून तक आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के शामिल होने की संभावना है।पार्टी संगठन की ओर से सभी जिला अध्यक्षों को 20 जून की शाम 6 बजे तक प्रशिक्षण स्थल पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। शिविर में संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति और कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण पर विशेष जोर रहेगा।