कनाडा क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के हेड कोच मोंटी देसाई ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। खास बात यह है कि उन्हें मई 2026 में दूसरी बार कनाडा टीम की कमान सौंपी गई थी, लेकिन उनका यह दूसरा कार्यकाल महज करीब तीन महीने ही चल सका। देसाई ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने फैसले की जानकारी दी।
मोंटी देसाई ने अपने दूसरे कार्यकाल को छोटा लेकिन यादगार बताया। उन्होंने कहा कि हर नया माहौल सीखने और अनुभव हासिल करने का अवसर देता है। उनके मुताबिक, लंबे समय तक बेहतर प्रदर्शन के लिए टीम में भरोसा, मजबूत रिश्ते, पर्याप्त तैयारी और सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं।
खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ का जताया आभार
इस्तीफे की घोषणा करते हुए देसाई ने कनाडा क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और इस सफर में साथ देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस दौरान बने रिश्तों और मिले अनुभवों को वह हमेशा अपने साथ रखेंगे।
देसाई ने कनाडाई क्रिकेट के भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए टीम की लगातार प्रगति और सफलता की कामना की।
संकट के दौर में आया इस्तीफा
मोंटी देसाई का इस्तीफा ऐसे समय हुआ है जब कनाडाई क्रिकेट कई गंभीर सवालों से जूझ रहा है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की एंटी-करप्शन यूनिट ने भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों को लेकर जांच शुरू की थी।
इसके बाद कनाडा क्रिकेट बोर्ड पर भी कार्रवाई हुई और उसकी फंडिंग रोकने के साथ सदस्यता को लेकर भी सख्त कदम उठाए गए। क्रिकेट कनाडा की बहाली के लिए कुछ शर्तें भी निर्धारित की गई थीं। ऐसे मुश्किल दौर में कोच का पद छोड़ना टीम के लिए एक और बड़ा झटका माना जा रहा है।
IPL और इंटरनेशनल क्रिकेट में काम कर चुके हैं देसाई
मोंटी देसाई का कोचिंग करियर काफी लंबा और अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाला रहा है। वह वेस्टइंडीज टीम के बल्लेबाजी कोच के तौर पर काम कर चुके हैं। इसके अलावा 2019 में वह यूएई के बैटिंग कोच भी रहे थे।
देसाई इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में राजस्थान रॉयल्स और गुजरात लायंस जैसी टीमों के साथ भी काम कर चुके हैं। अब कनाडा क्रिकेट टीम से उनका अलग होना टीम के सामने नए हेड कोच की तलाश की चुनौती खड़ी करता है।