भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक 19 जुलाई को भोपाल के जगदीशपुर स्थित रानी महल में आयोजित की जाएगी। बैठक को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। इतना ही नहीं तैयारियों का जायजा लेने के लिए अपर मुख्य सचिव शिवशेखर शुक्ला, भोपाल संभाग के कमिश्नर कर्मवीर शर्मा और कलेक्टर प्रियंक मिश्रा खुद आयोजन स्थल का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की अध्यक्षता में होगी
सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट बैठक में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की जा सकती है। कार्यमंत्रणा समिति की यह बैठक विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की अध्यक्षता में होगी। जिसमें मानसून सत्र के दौरान होने वाले शासकीय कार्यों की रूपरेखा और समय निर्धारण किया जाएगा।
20 जुलाई से शुरू होगा मानसून सत्र
मध्यप्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होकर 24 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान सरकार करीब 14 विधेयक सदन में पेश करने की तैयारी कर रही है, जिनमें यूसीसी विधेयक सबसे प्रमुख माना जा रहा है।