जयपुर: मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के खिताब की घोषणा हो गई है। केरल की केजिया लिज मेजो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यह प्रतिष्ठित ताज अपने नाम कर लिया। जयपुर में 23 अगस्त को आयोजित ग्रैंड फिनाले में देशभर से पहुंचीं प्रतिभागियों ने खूबसूरती, आत्मविश्वास, प्रतिभा और अपनी सोच का प्रदर्शन किया। इन सभी पहलुओं में प्रभावशाली प्रदर्शन के दम पर केजिया ने विजेता का खिताब हासिल किया। खिताब जीतने के बाद केजिया लिज मेजो भावुक नजर आईं। अब वह आगामी अंतरराष्ट्रीय मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी जीत के साथ भारत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक बार फिर अपनी संस्कृति, विविधता और प्रतिभा को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
कौन बनीं पहली और दूसरी रनर-अप?
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के फिनाले में तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश पहली रनर-अप रहीं। वहीं गुजरात की अनुश्री सातवलेकर ने दूसरी रनर-अप का स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों को अलग-अलग राउंड से गुजरना पड़ा। इसमें उनकी पर्सनालिटी, कम्युनिकेशन स्किल, आत्मविश्वास, प्रतिभा और भारतीय संस्कृति से जुड़ी समझ को परखा गया। इस बार प्रतियोगिता में केवल बाहरी सुंदरता के बजाय व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता पर भी विशेष जोर दिया गया।
जयपुर में दिखा संस्कृति और ग्लैमर का संगम
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का ग्रैंड फिनाले जयपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान की पारंपरिक संस्कृति और आधुनिक फैशन का शानदार मेल देखने को मिला। फैशन और एंटरटेनमेंट जगत से जुड़े कई चर्चित चेहरे भी समारोह का हिस्सा बने। कार्यक्रम की मौजूदगी को और खास बनाया बॉलीवुड अभिनेत्री और पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन, दो बार मिस यूनिवर्स इंडिया रह चुकीं उर्वशी रौतेला और पूर्व मिस यूनिवर्स फर्स्ट रनर-अप सेलिना जेटली ने। मिस यूनिवर्स इंडिया 2024 रिया सिंघा और 2025 की विजेता मणिका विश्वकर्मा भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।
जीत के बाद केजिया ने क्या कहा?
खिताब जीतने के बाद केजिया लिज मेजो ने इसे सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है। केजिया के मुताबिक, वह दुनिया के सामने भारत की विविध संस्कृति, प्रतिभा और नई पीढ़ी के आत्मविश्वास को पेश करना चाहती हैं। उनका लक्ष्य मिस यूनिवर्स के अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की मजबूत पहचान बनाना है।
निखिल आनंद ने भी दी प्रतिक्रिया
मिस यूनिवर्स इंडिया के मालिक निखिल आनंद ने प्रतियोगिता के उद्देश्य पर बात करते हुए कहा कि इसका लक्ष्य देश की प्रतिभाशाली युवतियों को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को दुनिया के सामने ला सकें। उन्होंने जयपुर में कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के लिए स्थानीय लोगों और प्रशासन का आभार जताया।
अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी केजिया
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का ताज जीतने के बाद केजिया लिज मेजो की अगली चुनौती अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना होगी। देश की ओर से वह मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। उनकी जीत के बाद अब सभी की निगाहें आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता पर हैं, जहां केजिया भारतीय संस्कृति, आत्मविश्वास और प्रतिभा को दुनिया के सामने रखने की कोशिश करेंगी।