बिलासपुर : हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल कार्यालय से हायर ज्यूडिशियल सर्विस से जुड़े अफसरों के तबादले का आदेश जारी किया गया है। इस आदेश में कई वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों की नई जिम्मेदारियाँ तय की गई हैं, जिनमें सबसे महत्वपूर्ण नियुक्ति मनीष कुमार ठाकुर की है।
मनीष कुमार ठाकुर बने नए रजिस्ट्रार जनरल:
मनीष कुमार ठाकुर को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का नया रजिस्ट्रार जनरल नियुक्त किया गया है। वे वर्तमान में हाई कोर्ट की स्थापना शाखा में रजिस्ट्रार (सतर्कता और सूचना एवं आर्थिकी) के पद पर कार्यरत थे। अब वे कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से रजिस्ट्रार जनरल के रूप में पदभार संभालेंगे।
मंसूर अहमद को रजिस्ट्रार (सतर्कता) की जिम्मेदारी:
जशपुर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश पद पर कार्यरत मंसूर अहमद को स्थानांतरित कर रजिस्ट्रार (सतर्कता) के पद पर उच्च न्यायालय की स्थापना में नियुक्त किया गया है। वे उच्च न्यायिक सेवा के अनुभवी सदस्य हैं और अब सतर्कता से जुड़ी प्रशासनिक जिम्मेदारियाँ निभाएंगे।
निधि शर्मा तिवारी बनीं न्यायिक अकादमी की निदेशक:
वर्तमान में अतिरिक्त रजिस्ट्रार (डी.ई. एंड ई.) के रूप में कार्यरत निधि शर्मा तिवारी को अब छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी, बिलासपुर का निदेशक नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति न्यायिक प्रशिक्षण और प्रशासनिक दक्षता को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
अनिल कुमार पाण्डेय को मिला अपर रजिस्ट्रार (वि.अ.व.ई.) का दायित्व:
द्वितीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश, महासमुंद के पद पर कार्यरत अनिल कुमार पाण्डेय को उच्च न्यायालय की स्थापना शाखा में अपर रजिस्ट्रार (वि.अ.व.ई.) के पद पर स्थानांतरित और नियुक्त किया गया है।
