छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता थर्मल पावर प्लांट में एक बड़ा हादसा हो गया, जब प्लांट के बॉयलर का ट्यूब अचानक फट गया। इस घटना में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
बताया जा रहा है कि बॉयलर ट्यूब फटते ही प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। तेज धमाके और गर्म भाप की चपेट में आने से वहां काम कर रहे मजदूर बुरी तरह प्रभावित हुए। हादसा इतना गंभीर था कि कुछ मजदूरों को बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिल पाया।घायल मजदूरों को तुरंत इलाज के लिए रायगढ़ के जिंदल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है।
अंदर मजदूरों के फंसे होने की आशंका
हादसे के बाद यह भी आशंका जताई जा रही है कि कुछ मजदूर अभी भी प्लांट के अंदर फंसे हो सकते हैं। राहत और बचाव टीम मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन चला रही है।सक्ती के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में तीन मजदूरों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हुए हैं। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।