बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण हालात गंभीर होते जा रहे हैं। महानदी और उससे जुड़े नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ने से जिले के कई इलाकों में आवागमन प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पांच प्रमुख पुलों पर आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
घटमड़वा नाले पर 3 फीट से ज्यादा पानी, पुलिस ने रोका रास्ता
सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले को जोड़ने वाला घटमड़वा नाला है। यहां नाले के ऊपर लगभग तीन फीट से अधिक पानी बह रहा है। तेज बहाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने मौके पर बैरिकेडिंग कर मार्ग को बंद कर दिया है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
शबरी पुल पर भी बढ़ा खतरा
बलौदाबाजार को जांजगीर-चांपा जिले से जोड़ने वाले गिधौरी-शिवरीनारायण मार्ग पर स्थित शबरी पुल के पास भी महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी का पानी पुल से करीब दो फीट नीचे पहुंच चुका है। यदि बारिश जारी रही तो पुल के ऊपर से पानी बहने की संभावना जताई जा रही है, जिससे इस मार्ग पर भी यातायात पूरी तरह प्रभावित हो सकता है।
इन 5 पुलों पर प्रशासन ने लगाया प्रतिबंध
लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने पांच प्रमुख स्थानों पर आवागमन रोक दिया है।
कसडोल ब्लॉक के बया-पिथौरा मार्ग पर पानी का बहाव बढ़ा।
पलारी विकासखंड के अमेठी घाट पुल पर करीब दो फीट ऊपर पानी बह रहा है।
भाटापारा-सुहेला मार्ग स्थित जमुनिया नाला पुल पर लगभग एक फीट पानी चढ़ गया है।
भंवरगढ़-बरडीह मार्ग के जमुनिया नाला पुल पर भी एक फीट पानी बह रहा है।
शिकारी-केशली मार्ग के जमुनिया नाला तथा बलौदाबाजार विकासखंड के अचानकपुर चेक डैम पर भी पानी का स्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है।
इन सभी स्थानों पर सुरक्षा की दृष्टि से यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
प्रशासन ने जारी की चेतावनी
जिला प्रशासन और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे उफनते नदी-नालों और पुलों को पार करने का प्रयास न करें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। मौसम की स्थिति को देखते हुए आने वाले घंटों में जलस्तर और बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।