देवास/इंदौर। मध्य प्रदेश लोकायुक्त की टीम ने बुधवार सुबह प्रधान आरक्षक फिरोज खान के ठिकानों पर छापेमारी कार्रवाई कर 6.26 करोड़ की अनुपातहीन संपत्ति का खुलासा किया। यह कार्रवाई 15 अलग-अलग ठिकानों पर की गई। कार्रवाई को लेकर अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लेकिन सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिलने के बाद की गई।
फिरोज खान वर्तमान में इंदौर के पीटीसी में पदस्थ
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 06 बजे लोकायुक्त इंदौर और उज्जैन की संयुक्त टीमों ने इंदौर और देवास में लगभग 15 अलग-अलग लोकेशन पर एक साथ छापामारा और कई जरूरी दस्तावेजों को जब्त किया। फिरोज खान वर्तमान में इंदौर के पीटीसी में पदस्थ हैं। जिनसे फ़िलहाल पूछताछ की जा रही है।
कार्रवाई के लिए आठ टीमें लगाई गई
लोकायुक्त के मुताबिक, सामने आई संपत्तियां प्रधान आरक्षक, उनके परिजनों और रोशनी वर्मा नाम की महिला के नाम पर खरीदी गई हैं. इनमें 5 मकान, 3 फ्लैट, 5 आवासीय भूखंड, एक व्यावसायिक भूखंड और अलग-अलग जगहों पर कृषि भूमि शामिल है. कार्रवाई के लिए इंदौर और उज्जैन संभाग की आठ टीमें लगाई गई हैं। जो लगातार जांच कर रहे है।
6 करोड़ 26 लाख रुपए से अधिक की बेनामी संपत्ति
शुरुआती जांच में फिरोज खान के पास से 6 करोड़ 26 लाख रुपए से अधिक की बेनामी और आय से अधिक संपत्ति का पता चला है। लोकायुक्त की यह कार्रवाई देवास स्थित उसके आवास से लेकर इंदौर के महंगे फ्लैट्स और कृषि भूमि तक लगातार जारी है। तलाशी पूरी होने और दस्तावेजों की विस्तृत जांच के बाद ही मामले में संपत्ति की वास्तविक स्थिति और कथित अनियमितताओं से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।