जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाते हुए बड़ा हमला किया। शुक्रवार शाम केल्लाम क्षेत्र में हुई फायरिंग में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान दीपक रात्रे (24) और भूपेंद्र कुमार (28) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर लिया है और हमलावरों की तलाश के लिए व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
अचानक हुई फायरिंग, दो मजदूर बने निशाना
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे केल्लाम इलाके में अज्ञात आतंकियों ने प्रवासी मजदूरों पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही सेकंड में कई राउंड फायरिंग हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और सुरक्षा बलों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने दीपक रात्रे को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल भूपेंद्र कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरा
हमले की सूचना मिलते ही जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर संदिग्ध आतंकियों की तलाश शुरू कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां आसपास के इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं और हमले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने लिया घटना का संज्ञान
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आतंकी हमले की निंदा करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों से घटना की रिपोर्ट मांगी। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और जल्द से जल्द उन्हें कानून के शिकंजे में लाने के निर्देश दिए। साथ ही मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया शोक
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद पीड़ादायक घटना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दोनों पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और लगातार संपर्क में रहने के निर्देश दिए हैं।
TRF ने जिम्मेदारी लेने का दावा, जांच जारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।
घाटी में बढ़ी सुरक्षा चिंता
हाल के दिनों में जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों में बढ़ोतरी देखने को मिली है। कुलगाम की यह घटना अनंतनाग में पुलिस अधिकारी पर हुए हमले के कुछ समय बाद सामने आई है। लगातार हो रहे हमलों के बीच सुरक्षा एजेंसियां घाटी में निगरानी और अभियान दोनों को और तेज कर रही हैं।