भोपाल : भारत में बांग्लादेशी नागरिकों का आगमन लगातार बढ़ता जा रहा है। हैरान करने वाली बात यह है कि अब लोग बिना वैध वीजा और पासपोर्ट के ही भारत में दाखिल हो रहे है। इस बात की जानकारी तब सामने आई, जब भोपाल पुलिस ने एक बांग्लादेशी युवती को रेलवे स्टेशन पर पकड़ा। बताया जा रहा है कि युवती भोपाल से इंदौर जा रही थी। तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। युवती को हिरासत में ले लिया गया है। पूछताछ जारी है।
एजेंट के जरिए आई भारत
बताया जा रहा है कि बांग्लादेशी युवती ने भोपाल से इंदौर जाने के लिए गलत नाम से टिकट बुक करवाया था। लेकिन जब टीटी को शक हुआ तो दोनों के बीच बहस हो गई। जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। जब जाकर हकीकत सामने आई। युवती ने बताया कि वो एक एजेंट के जरिए बिना वीजा और पासपोर्ट के भारत नौकरी करने आई है।
नौकरी का झांसा देकर भारत बुलाया गया
युवती ने यह भी बताया कि उसकी फेसबुक पर इंदौर की किसी युवती से दोस्ती हुई थी और उसने नौकरी का बोल कर उसे भारत बुलाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी के साथ राष्ट्रीय स्तर की जांच एजेंसियां और खुफिया विभाग भी जांच में जुट गए हैं। पुलिस युवती की कॉल डिटेल, भारत आने के रास्ते, कथित एजेंट और इंदौर की युवती से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।