डबरा, राजेश सोनी: मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेशभर के ब्लॉक अध्यक्षों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में ग्वालियर जिले की डबरा विधानसभा के लिए भी चार ब्लॉक अध्यक्षों की घोषणा की गई है। खास बात यह है कि कांग्रेस ने इस बार डबरा में पुराने, अनुभवी और जमीनी कार्यकर्ताओं पर भरोसा जताया है।
राजोरिया को डबरा की जिम्मेदारी
डबरा विधानसभा क्षेत्र में कुल चार ब्लॉक आते हैं। जिनमें डबरा शहर, डबरा ग्रामीण, बिलौआ और पिछोर। पार्टी ने सभी ब्लॉकों में ऐसे नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है, जो लंबे समय से कांग्रेस संगठन के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। डबरा शहर ब्लॉक की कमान जीतू राजोरिया को सौंपी गई है। जीतू राजोरिया लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं और संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए शहर अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है।
रावत को ग्रामीण की जिम्मेदारी
वही डबरा ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में राजबहादुर रावत की नियुक्ति की गई है। ग्रामीण क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। रावत समाज की डबरा विधानसभा में प्रभावी उपस्थिति को देखते हुए कांग्रेस ने यह सामाजिक संतुलन साधने का प्रयास भी किया है।
परिहार को बिलौआ की जिम्मेदारी
बिलौआ ब्लॉक से धर्मेंद्र परिहार को अध्यक्ष बनाया गया है। वे युवा चेहरा माने जाते हैं और पार्टी संगठन में नई ऊर्जा लाने की उम्मीद की जा रही है। वहीं पिछोर ब्लॉक की जिम्मेदारी रोशन बघेल को सौंपी गई है, जो क्षेत्र में सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में पहचाने जाते हैं।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि डबरा विधानसभा के चारों नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस संगठन को किस तरह और कितनी मजबूती प्रदान कर पाते हैं। उल्लेखनीय है कि डबरा विधानसभा क्षेत्र में ऐतिहासिक रूप से कांग्रेस का प्रभाव रहा है और पार्टी एक बार फिर संगठन को मजबूत कर आगामी चुनावों की तैयारी में जुट गई है।