सागर। जिले के बंडा क्षेत्र में कथित दूषित शराब से हुई मौतों का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सोमवार को सागर मेडिकल कॉलेज पहुंचे और वहां भर्ती शराब कांड से प्रभावित मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।
भाजपा नेता की शराब पीने से ही बीमार हुए हो
इतना ही नहीं पीड़ितों से बातचीत करते हुए पटवारी ने बोला कि भाजपा नेता की शराब पीने से ही बीमार हुए हो। पटवारी ने पीड़ितों से शराब का सेवन नहीं करने की अपील करते हुए घटना के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पटवारी बंडा के बमूरा गांव पहुंचे
मेडिकल कॉलेज के बाद पटवारी बंडा के बमूरा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने कथित तौर पर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। पटवारी ने दावा किया कि जहरीली शराब के कारण 50 से अधिक लोगों की मौत हुई है, जबकि सरकारी स्तर पर अब तक 21 मौतों की जानकारी सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन वास्तविक आंकड़े सार्वजनिक नहीं कर रहा है।
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के इस्तीफे की मांग की
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश के वित्त मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के इस्तीफे की मांग की। साथ ही उन्होंने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई।
सागर एसपी पर खड़े किए सवाल
पटवारी ने सागर एसपी पर भी सवाल खड़े किए और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने मुरैना में जहरीली शराब के मामले का हवाला देते हुए सागर में भी जिम्मेदारी तय करने की बात कही। हालांकि, मौतों की वास्तविक संख्या और शराब से मौत की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।