CSK vs SRH Highlights: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मुकाबला नंबर-63 में सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हरा दिया। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में हैदराबाद ने 181 रनों का लक्ष्य 19 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ SRH ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आगे की राह बेहद कठिन हो गई है।इस मुकाबले के नतीजे का फायदा गुजरात टाइटन्स को भी मिला, जिसने बिना खेले ही प्लेऑफ का टिकट हासिल कर लिया। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहले ही अंतिम-4 में पहुंच चुकी है।
ईशान किशन और क्लासेन ने संभाली पारी
181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ट्रेविस हेड केवल 6 रन बनाकर मुकेश चौधरी का शिकार बने। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने कुछ आकर्षक शॉट लगाए, लेकिन 26 रन बनाकर अकील हुसैन की गेंद पर आउट हो गए। शुरुआती झटकों के बाद ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को मैच में वापसी दिलाई। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 75 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। हेनरिक क्लासेन ने 26 गेंदों में 47 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं ईशान किशन ने जिम्मेदारी संभालते हुए 47 गेंदों पर 70 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। उनकी इस पारी में 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। आखिर में सलिल अरोड़ा (10*) और स्मरण रविचंद्रन (5*) ने टीम को जीत दिलाकर मुकाबला खत्म किया।
पैट कमिंस की शानदार गेंदबाजी
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 180 रन बनाए। सीएसके की शुरुआत ठीक-ठाक रही, लेकिन नियमित अंतराल में विकेट गिरते रहे। संजू सैमसन ने 27 रन बनाए, जबकि कार्तिक शर्मा ने 19 गेंदों में 32 रनों की तेज पारी खेली। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ का बल्ला इस मैच में शांत रहा और वह 21 गेंदों पर सिर्फ 15 रन बना सके। इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस और शिवम दुबे ने पारी संभालने की कोशिश की।ब्रेविस ने 27 गेंदों पर 44 रन बनाए, जिसमें 4 छक्के और 2 चौके शामिल रहे।
दोनों टीमों के बीच यह दूसरा मुकाबला
वहीं शिवम दुबे ने 26 रन का योगदान दिया। हैदराबाद की ओर से कप्तान पैट कमिंस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। साकिब हुसैन को 2 सफलताएं मिलीं।
चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच आईपीएल इतिहास में अब तक 24 मुकाबले खेले गए हैं। इसके अलावा इन दोनों टीम ने कुल 24 मैच खेलें हैं, जिसमें से चेन्नई सुपर किंग्स ने 15 मैच जीता है, वहीं सनराइजर्स हैदराबाद ने 9 मैच जीता है। मौजूदा सीजन में दोनों टीमों के बीच यह दूसरा मुकाबला था और दोनों बार सनराइजर्स हैदराबाद ने जीत दर्ज की।
सनराइजर्स हैदराबाद प्लेइंग-11: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), स्मरण रविचंद्रन, सलिल अरोड़ा, हेनरिक क्लासेन, नीतीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन और प्रफुल हिंगे।
चेन्नई सुपर किंग्स प्लेइंग-11: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, प्रशांत वीर, अकील हुसैन, नूर अहमद, अंशुल कम्बोज और स्पेंसर जॉनसन।