रायपुर। राजधानी रायपुर में आगामी 8 जुलाई से 14 जुलाई तक अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन के तत्वावधान में प्रसिद्ध कथा वाचक देवकीनंदन ठाकुर के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन बुढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगा, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं।
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना
अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन के प्रदेश महामंत्री एवं प्रवक्ता राजकुमार राठी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश अध्यक्ष योगेश अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसी क्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के रायपुर प्रवास के दौरान उन्हें कथा में शामिल होने के लिए औपचारिक आमंत्रण दिया गया। इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी मौजूद रहे।
पारिवारिक संस्कारों का देंगे संदेश
राजकुमार राठी ने बताया कि सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से देवकीनंदन ठाकुर श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, सनातन संस्कृति, नैतिक मूल्यों और पारिवारिक संस्कारों का संदेश देंगे। कथा का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करना है। कार्यक्रम के दौरान वैश्य समाज के प्रतिनिधियों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर विजय अग्रवाल, शिवरतन गुप्ता, सुभाष साहू, अशोक गुप्ता, सुभाष अग्रवाल, राजीव अवस्थी और राजेश अग्रवाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।