भारतीय वायुसेना ने अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर वायु (Intake 02/2027) भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। एयरफोर्स में शामिल होकर देश सेवा का सपना देखने वाले योग्य अभ्यर्थी आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 26 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
इन उम्मीदवारों को मिलेगा आवेदन का अवसर
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से गणित, भौतिकी और अंग्रेजी विषयों के साथ 12वीं कक्षा कम से कम 50 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
इसके अलावा मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, कंप्यूटर साइंस, इंस्ट्रूमेंटेशन टेक्नोलॉजी सहित संबंधित ट्रेड में इंजीनियरिंग डिप्लोमा प्राप्त उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित अंकों के साथ दो वर्षीय वोकेशनल कोर्स करने वाले अभ्यर्थी भी पात्र होंगे।
आयु सीमा और शारीरिक पात्रता
भर्ती के लिए उम्मीदवार की आयु 17.5 वर्ष से 21 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अधिसूचना के अनुसार अभ्यर्थी का जन्म 1 जुलाई 2005 से पहले और 2 जनवरी 2010 के बाद नहीं होना चाहिए।
पुरुष और महिला दोनों उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई 152 सेंटीमीटर तय की गई है। हालांकि, कुछ विशेष श्रेणियों और क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को नियमानुसार छूट दी जाएगी।
आवेदन शुल्क और चयन प्रक्रिया
इस भर्ती में सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए 550 रुपये आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा। भर्ती प्रक्रिया में आगे चयन एयरफोर्स द्वारा तय मानकों के अनुसार विभिन्न चरणों में किया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले भारतीय वायुसेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद Agniveer Vayu Recruitment लिंक पर क्लिक कर नया पंजीकरण करें। लॉगिन करने के बाद आवेदन फॉर्म में आवश्यक जानकारी भरें, जरूरी दस्तावेज अपलोड करें, आवेदन शुल्क जमा करें और फॉर्म सबमिट कर उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
अग्निवीर वायु भर्ती युवाओं को भारतीय वायुसेना में शामिल होकर आधुनिक सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त करने और देश सेवा का अवसर देती है। पात्र अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।