आलीराजपुर: आलीराजपुर के उदयगढ़ थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिसमे पत्नी ने ही अपने पति की हत्या कर शव घर में दफना दिया। घटना करीब 17 दिन पहले की है, लेकिन इसका खुलासा तब हुआ जब आरोपी पत्नी के बेटे ने 15 दिनों तक पिता की कोई खबर ना मिलने पर पुलिस को इसकी सूचना की।
घर में मिला अधजला शव
दरअसल उदयगढ़ थाना क्षेत्र के ताती आंबा गाँव की रहने वाली एक महिला ने अपने ही पति की लाठी से पीट-पीट कर हत्या कर दी। इतना ही नहीं महिला ने वारदात को अंजाम देने के बाद पति का शव घर में ही जला दिया। लेकिन आगे के उठते धुवाए को रोकने के लिए उस पर रेत डाल दी। जिसकी वजह से लाश पूरी तरह जल नहीं पाई।
बेटा काम की तलाश में गुजरात गया था
इसी बीच महिला नाहजुबाई (47) का बेटा जो काम की तलाश में गुजरात गया था, उसने लगातार 15 दिनों तक पिता रामा वाकला (50) की कोई खबर ना मिलने पर गाँव आ कर पिता के गुम होने की सूचना पुलिस को दी। इस दौरान पुलिस ने जब मामले की बारीकी से जांच की तब जाकर घटना का खुलासा हुआ।
चरित्र शंका के चलते होता था विवाद
पुलिस ने जब सख्ती से पत्नी से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति आए दिन चरित्र शंका के चलते उससे विवाद किया करता था। घटना वाले दिन भी दोनों बीच विवाद हुआ और महिला ने गुस्से में आ कर लाठी से पीट-पीट कर अपने ही पति को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने हत्या और साक्ष्य मिटाने के आरोप में मामला दर्ज कर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आगे की कार्रवाई जारी है।